(अपडेट) चंबा–कोटि मार्ग हादसा में आठ की मौत,दो घायल, राहत-बचाव कार्य पूरा
टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल के चंबा–कोटि मार्ग पर नैल के समीप हुए गुरुवार को हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य अब पूर्ण कर लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, विकासखंड चंबा क्षेत्र में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के निवासी थे, जो हरिद्वार में अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।
घायलों को जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती कराया गया,जहां नितिका खण्डेलवाल ने पहुंचकर उनका हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई गई है। दुर्घटना में मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्यवाही जारी है। प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा–कोटि कॉलोनी मार्ग स्थित नैल में हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी प्रकट की हैं। इसके साथ ही राज्यपाल ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को त्वरित और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
घायलाें की सूची
उत्तम पुत्र पुशु उम्र 30 वर्ष, निवासी नैलचामी, घनसाली टिहरी गढ़वाल।
अकिंत पुत्र आशालाल उम्र 22 वर्ष, निवासी लोस्तु बडियारगड़, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल।
मृतकों का विवरण-
-आशा लाल पुत्र असाडू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ठेला घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-विजय लाल पुत्र भुरखिलिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी ठेला घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-प्रेम लाल पुत्र संतूलाल, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-महावीर पुत्र विशुलाल, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-शिव सिंह चालक पुत्र पुष्कर सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी होल्टा थाना घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-सेहत लाल पुत्र गोपाल, उम्र चकरेड़ा, घनसाली, टिहरी गढ़वाल।
-लक्ष्मण पुत्र मुरखिलिया, उम्र 33 वर्ष, निवासी चांजी, टिहरी गढ़वाल।
-राहुल (उम्र 24 वर्ष), पुत्र हरीश लाल।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय