उत्तराखंड: भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर पहुंची
ज्योतिर्मठ, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान मंदिर पहुंच गईं, जबकि विष्णु वाहन गरुड़ जी की डोली ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंची।
मंगलवार सुबह बदरीनाथ धाम से रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में भगवान उद्धव, कुबेर, गरुड़ की उत्सव डोलियां और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुईं। पांडुकेश्वर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर देव डोलियों का स्वागत किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियों को योगध्यान मंदिर में प्रतिष्ठापित किया गया।
बुधवार को मुख्य पुजारी श्री रावल गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ पहुंचेंगे।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के अनुसार शंकराचार्य की पवित्र गद्दी के स्वागत में बुधवार को नृसिंह मंदिर में विशाल भंडारे और महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मंदिर को 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया है।
शीतकाल में भगवान उद्धव और कुबेर की पूजा योगध्यान मंदिर में होगी, जबकि विष्णु वाहन गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी की पूजा नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में संपन्न होगी। भगवान कुबेर मकर संक्रांति तक योगध्यान मंदिर में विराजमान रहेंगे। इसके बाद उन्हें पांडुकेश्वर स्थित कुबेर मंदिर में प्रतिष्ठापित किया जाएगा। देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ ही वर्ष 2026 की बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन हो गया।
बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। सोमवार, 16 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया और उन्हें भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया गया।
सोमवार को सायंकालीन पूजाओं के बाद रात आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार, रावल ने स्त्री रूप धारण कर माता लक्ष्मी को मंदिर परिसर स्थित उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। अंत में रावल ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके बाद रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय