माउंट एकांकागुआ फतेह करने जाने वाले दल को रक्षा मंत्री ने किया रवाना

 


शारीरिक, मानसिक दृढ़ता देश के सर्वश्रेष्ठ पर्वतारोहियों की पहचान: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से अर्जेंटीना में माउंट एकांकागुआ फतेह करने जाने वाले संयुक्त पर्वताराेही दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने

पर्वतारोहण को टीम वर्क और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा बताया।

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनआईएम और जेआईएमएंडडब्ल्यूएस के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थान अपने कर्मियों को साहस, दृढ़ता और संकल्प के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है। टीम को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि इस दुर्गम शिखर पर चढ़ना न केवल शारीरिक सहनशक्ति की परीक्षा है, बल्कि नेतृत्व, टीम वर्क और मानसिक दृढ़ता की भी परीक्षा है, जो भारत के सर्वश्रेष्ठ पर्वतारोहियों की पहचान है।

माउंट एकांकागुआ फतेह के निकली छह सदस्यीय टीम में अत्यधिक प्रशिक्षित प्रशिक्षक भी शामिल हैं। इस दल में कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन संथोष कुमार, दीप बहादुर सही, विनोद गुसाईं, नायब सुबेदार भूपिंदर सिंह और हवलदार रमेश कुमार शामिल हैं। यह यात्रा 6 फरवरी, 2026 से शुरू होगी और अभियान महीने के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल