उत्तराखंड: कर्णप्रयाग विवाद मामले में चार निहंग सिखों को मिली जमानत

 

रूद्रप्रयाग, 27 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र में हुए विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए चार निहंग सिखों को चमोली जिला एवं सत्र न्यायालय ने जमानत दे दी है।

जिला और सत्र न्यायाधीश विंध्याचल सिंह ने चारों आरोपित सतवीन्द्र सिंह, अजय सिंह, जसनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह की जमानत याचिकाएं स्वीकार करते हुए प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके तथा समान राशि के दो-दो जमानतदार प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।

चारों आरोपितों के खिलाफ कर्णप्रयाग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

दरअसल, बीते 16 जून को हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच कथित तौर पर पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए। पुलिस ने इस मामले में चार निहंगों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की थी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल