प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर बदरीनाथ में महाभिषेक, केदारनाथ में रुद्राभिषेक

 


देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम समेत बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर बदरीनाथ धाम में महाभिषेक तथा केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक किया गया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष महाभिषेक पूजा कराई गई। रात में बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

केदारनाथ धाम में भगवान केदारनाथ का विशेष रुद्राभिषेक किया गया। शाम को मंदिर परिसर में आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ मंदाकिनी गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं, यमकेश्वर स्थित पौराणिक श्री यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा-अर्चना के बाद जलाभिषेक किया गया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि वह गुरुवार शाम यमकेश्वर क्षेत्र के स्वर्गाश्रम मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गंगा आरती में शामिल होंगे और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना के लिए 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। बदरीनाथ धाम में धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल व केदारनाथ धाम में पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस दौरान श्री केदार सभा के पदाधिकारी, मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय