चौबट्टिया में भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ शुरू

 




देहरादून, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के अल्माेड़ा जिले के चौबट्टिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में भारत और जापान के बीच सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ जारी है। इस अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक भाग ले रहे हैं।

जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) देहरादून के कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि यह अभ्यास 24 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य साझा सुरक्षा चुनौतियों और वैश्विक आतंकवाद के खतरे को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करना है।

उन्हाेंने बताया कि इस अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक भाग ले रहे हैं। जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स की ओर से 32वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक शामिल हैं, जबकि भारतीय सेना की ओर से लद्दाख स्काउट्स की टुकड़ी भाग ले रही है। अभ्यास की शुरुआत के पहले दिन एकीकरण और मार्गदर्शन गतिविधियों के साथ की गई, जिसके बाद संयुक्त प्रशिक्षण को गति दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य अर्ध-शहरी परिस्थितियों में संयुक्त अभियानों की क्षमता को बढ़ाना है। इस दौरान उच्च स्तर की शारीरिक फिटनेस, संयुक्त योजना, आपसी समन्वय और वास्तविक फील्ड परिस्थितियों में सामरिक अभ्यासों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि अभ्यास के दौरान अस्थायी ऑपरेटिंग बेस की स्थापना, इंटेलिजेंस-सर्विलांस-रिकॉनिसेंस ग्रिड का निर्माण, मोबाइल वाहन चेक पोस्ट, शत्रुतापूर्ण वातावरण में घेराबंदी और तलाशी अभियान, हेलिबोर्न ऑपरेशन तथा हाउस इंटरवेंशन ड्रिल जैसे अभ्यास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय