कैलाश मानसरोवर यात्रा: छठा दल सकुशल धारचूला पहुंचा

 


-अब तक 294 तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे

धारचूला, 25 जुलाई (हि.स.)। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का छठा दल शनिवार सायं सकुशल धारचूला पहुंच गया। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया तथा उनके ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

जिला प्रशासन के अनुसार, कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का छठा दल शनिवार दोपहर 1:30 बजे पिथौरागढ़ और शनिवार सायं 6:40 बजे पहुंचा। छठे दल में 34 पुरुष और 17 महिलाएं सहित कुल 51 तीर्थयात्री शामिल हैं। यह दल 24 जुलाई को उत्तराखंड में प्रवेश करने के बाद शनिवार को धारचूला पहुंचा

सभी यात्री सुरक्षित हैं और यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही है। धारचूला पहुंचने के बाद यात्रियों को आवश्यक औपचारिकताओं एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाओं के उपरांत विश्राम कराया गया।

अब तक यात्रा के छह दलों के कुल 294 तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंच चुके हैं, जिनमें 196 पुरुष और 98 महिलाएं शामिल हैं। प्रथम और द्वितीय दल कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर लौट चुके हैं। तृतीय दल वर्तमान में छियालेख, चतुर्थ दल ताराकिनी चौकी और पंचम दल नाभीढांग में है, जबकि छठा दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे की यात्रा करेगा।

प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय