उत्तराखंड में 11 आईएएस-आईएफएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल
देहरादून, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 11 अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल करते हुए उनके तबादले किए। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव ललरिन लियाना फैनई से आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। सचिव नितेश कुमार झा को सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग से हटाकर पंचायती राज विभाग का सचिव बनाया गया है।
सचिव रविनाथ रमन को विद्यालयी शिक्षा विभाग से परिवहन विभाग का सचिव एवं आयुक्त-परिवहन नियुक्त किया गया है। डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय को वर्तमान दायित्व के साथ सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि बुजेश कुमार संत को परिवहन विभाग से हटाकर आबकारी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय को वर्तमान के साथ गन्ना विकास एवं चीनी विभाग का सचिव और ज्योति यादव को विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक) विभाग का सचिव बनाया गया है।
शासन ने युगल किशोर पंत को सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग और रणवीर सिंह चौहान को सचिव, वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। आईएफएस अधिकारी डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, अभिषेक रुहेला को अपर सचिव, राज्य सम्पत्ति विभाग एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी नियुक्त किया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय