अमित शाह कल देहरादून में करेंगे 'लोकतंत्र बचाओ' जनसभा, 35-40 हजार लोगों के जुटने का दावा

 


-जनसभा और पुलिस अलंकरण समारोह के लिए यातायात डायवर्जन लागू, भाजपा ने तैयारियां पूरी होने की बात कही

-देहरादून में 300 से अधिक यातायातकर्मी तैनात, 10 ट्रैफिक क्रेन से होगी निगरानी

देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वह परेड ग्राउंड में राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के साथ भाजपा की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रिजर्व पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस के अलंकरण समारोह में शिरकत करेंगे। भाजपा ने जनसभा में 35 से 40 हजार लोगों के जुटने का दावा किया है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके दौरे को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में शाह के पिछले कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे। देहरादून की जनसभा में भी 35 से 40 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। परिहार ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस समारोह के बीच गृह मंत्री का आगमन प्रदेशवासियों के उत्साह को और बढ़ाएगा। जनसभा में उनका संबोधन राज्य की आगामी चुनावी रणनीति और राजनीतिक दिशा को धार देने वाला साबित होगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि उत्तराखंड की जनसांख्यिकी और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर गृह मंत्री की विशेष चिंता रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसांख्यिकी संरक्षण की दिशा में कदम उठा रही है। उन्होंने इन प्रयासों को अमित शाह के विजन और संकल्पों से प्रेरित बताया।

अमित शाह के दौरे के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने दोनों कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की विशेष योजना तैयार की है। परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक कार्यक्रम के दौरान रोजगार तिराहा से सीजेएम तिराहे और लैंसडाउन चौक तक का क्षेत्र जीरो जोन रहेगा। इस दौरान ईसी रोड,परेड ग्राउंड और सुभाष रोड पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

जनसभा में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसों को बन्नू स्कूल, जबकि सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसों को गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसों के लिए भी बन्नू स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था की गई है।

पुलिस लाइन में होने वाले राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड, रेसकोर्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विक्रम और सिटी बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है।

यातायात पुलिस ने आमजन से कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से परेड ग्राउंड और आसपास के मार्गों का इस्तेमाल नहीं करने और सार्वजनिक परिवहन और दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाकर 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंधों से छूट रहेगी।

यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर यातायात कर्मियों की तैनाती की है। इसके तहत एक डीएसपी, चार ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 15 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर एवं अतिरिक्त टीएसआई, 25 एसआई और एएसआई, 15 हेड कांस्टेबल तथा 60 ट्रैफिक कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कार्यालय से 100 अतिरिक्त कांस्टेबल और 100 प्रशिक्षु कांस्टेबल भी यातायात व्यवस्था संभालेंगे। दस मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी। थानास्तर से भी पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और अव्यवस्थित पार्किंग पर निगरानी के लिए 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरे लगाए हैं। इनके माध्यम से यातायात नियंत्रण कक्ष से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वायरलेस सेट से लैस 10 ट्रैफिक मोबाइल टीमें विभिन्न मार्गों पर तैनात रहेंगी।

पुलिस ने नो-पार्किंग और सार्वजनिक मार्गों पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 10 ट्रैफिक क्रेन भी लगाई हैं। शहर में अतिरिक्त पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और प्रतिष्ठानों के संचालकों को बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के नोटिस दिए गए हैं। यातायात संबंधी जानकारी फ्लेक्स बोर्ड, संकेतक, एफएम रेडियो, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय