सिलक्यारा रेस्क्यू की सफलता के तीन वर्ष पूरे होने पर वैश्विक आपदा प्रबंधन सम्मेलन शुरू, 50 देशों के विशेषज्ञ जुटे
- सीएम धामी ने की एक करोड़ रुपये देने की घोषणा
देहरादून, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शनिवार को वैश्विक आपदा प्रबंधन विमर्श के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ करते हुए हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और आपदा प्रबंधन संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया।सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की ऐतिहासिक सफलता के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में वैश्विक स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जलवायु परिवर्तन, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा हो रही है। इसमें 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की सहभागिता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन,अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसमें आधुनिक तकनीक, नवाचार, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से आपदा जोखिम कम करने की रणनीतियों पर मंथन होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। यह अभियान मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय था। उन्होंने रैट माइनर्स, इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों और स्थानीय नागरिकों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा अभियान ने साबित किया कि आधुनिक तकनीक,वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामूहिक प्रयासों से कठिन से कठिन चुनौती का सामना किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण अतिवृष्टि, बाढ़, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाएं पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन रही हैं। आपदा प्रबंधन का उद्देश्य केवल राहत एवं बचाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते तैयारी और जन-धन की हानि को कम करना भी होना चाहिए।
उन्होंने हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि केदारनाथ आपदा, चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना ने विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ऐसे में ग्लेशियरों, वनों और पारिस्थितिकी तंत्र पर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन और प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है। इनका लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने की तैयारी घर, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय से शुरू होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणालियां इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने,आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने,संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी,पूर्व चेतावनी प्रणाली और स्थानीय समुदायों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। आपदा के बाद राहत एवं बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। प्रत्येक विकास योजना में मानवीय सुरक्षा, पर्यावरणीय संतुलन और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय