गंगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवंत धारा : नितिन नवीन

 




- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन ने की गंगा आरती, गूंजे आध्यात्म और संस्कृति के स्वरऋषिकेश, 29 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है। उन्होंने कहा कि गंगा और संत परंपरा भारतीय सभ्यता की मूल आत्मा हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार शाम ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन और भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस दौरान मां गंगा से देश और प्रदेशवासियों के सुख,शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की अलौकिक छटा के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गंगा की आराधना कर प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर आना सदैव आत्मीय और आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हर कठिन और विपरीत परिस्थिति में समाज को दिशा देने का कार्य किया है। जब-जब देश सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चुनौतियों से गुजरा, तब संतों और ऋषियों ने अपने तप, त्याग और ज्ञान के माध्यम से समाज को नई ऊर्जा और मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने में संत समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसी देवभूमि देश की सनातन संस्कृति की आत्मा है, जहां से पूरे भारत को आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि गंगा, संत परंपरा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी भी है।

परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों से देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है। उन्होंने उत्तराखंड को दिव्यता, संयम और संगम की धरती बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट सहित विभिन्न संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, श्रद्धालु और देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय