पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

 




हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को बुधवार को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका सोमवार को देहरादून में निधन हो गया था। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

स्वर्गीय खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार से पूर्व सेना व पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी।

श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन सादगी,अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन को राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने सेना,केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता,पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी। उनके द्वारा स्थापित आदर्श हमें हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी के नेतृत्व में हरिद्वार के संतों ने भी श्मशान घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत खंडूरी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी,पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा,पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक,पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। संगठन मंत्री भाजपा अजय कुमार, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल,विनोद चमोली,सुरेश गड़िया,अरविंद पाण्डे, रवि बहादुर,मेयर रुड़की अनीता देवी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर व सेना के अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के समय विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद रहे।

दो बार रहे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बनने से पूर्व मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी, अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में केंद्र में मंत्री रहे। वह वर्ष 2007 व 2011 में दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। वर्तमान में उनकी बेटी ऋतु खंडूरी उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष हैं। उनका सोमवार सुबह 11:15 बजे देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया था। वह 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला