सर्बिया दौरे पर उत्तराखंड का प्रतिनिधिमंडल, नोवी साद विधानसभा का किया भ्रमण
सर्विया/नोवी साद, 06 मई (हि.स.)। निर्वाचन प्रक्रियाओं के अध्ययन के उद्देश्य से उत्तराखंड का एक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों यूरोपीय देश सर्बिया के दौरे पर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह दल मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में वहां की चुनाव प्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रहा है।
दल का नेतृत्व डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम कर रहे हैं। उनके साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सर्बिया के नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया, जहां उन्हें प्रशासनिक ढांचे और लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी आयोजित हुई।
नोवी साद विधानसभा की चेयरपर्सन दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रियाओं में सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ बैठक कर वहां की चुनाव प्रणाली, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और मतदाता जागरूकता अभियानों का अध्ययन किया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों के बीच निर्वाचन प्रबंधन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के क्षेत्र में अनुभव साझा करने का अवसर मिला है, जिससे भविष्य में सहयोग और मजबूत होगा।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे एवं बीएलओ मोहम्मद कलीम शामिल हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय