देहरादून आयुध निर्माणी में सीएम3 एमआर साइट का उत्पादन शुरू, पहली खेप में 21 साइट रवाना

 






- फ्रांस की कंपनी साफ्रान के साथ रणनीतिक साझेदारी से देश में उन्नत रक्षा तकनीकों के निर्माण को मिलेगा बढ़ावा, हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य

देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की देहरादून स्थित आयुध निर्माणी (ओएफडी) में सीएम3 एमआर साइट का उत्पादन शुरू हो गया है। बुधवार को आयोजित समारोह में पहली खेप के तहत 21 सीएम3 एमआर साइट रवाना की गईं।

इस अवसर पर इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक नए उत्पाद का निर्माण शुरू होने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत के रक्षा औद्योगिक तंत्र में कंपनी की मजबूत पहचान स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय कंपनी साफ्रान के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता अब इस महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचा है। पूर्व बोर्ड और नेतृत्व की दूरदर्शिता के परिणामस्वरूप वर्ष 2021-22 से ही सशस्त्र बलों को आधुनिक एवं उन्नत उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि आधुनिक रक्षा उत्पादन व्यवस्था में तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। एलएंडटी और साफ्रान जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी इसी सोच का हिस्सा है। भविष्य में भी ऐसे तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि विशिष्ट रक्षा तकनीकों का निर्माण देश में ही किया जा सके और विदेशी आयात पर निर्भरता कम हो।

उन्होंने आयुध निर्माणी देहरादून के अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति से निर्धारित होती है। कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा निरंतर सीखने और सुधार की प्रक्रिया अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि आयुध निर्माणी में नए भवन और उत्पादन प्रणालियों में किए जा रहे सुधार भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि देहरादून इकाई की टीम अपनी मेहनत और तकनीकी दक्षता के बल पर आने वाले समय में हजारों सीएम3 एमआर साइटों का उत्पादन करेगी। इससे देश की रक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और कर्मचारियों के लिए कार्य एवं कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

शर्मा ने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से के9 वज्र कार्यक्रम के लिए जड़त्वीय नौवहन प्रणाली (इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम-आईएनएस) की पहली खेप रवाना की गई थी। इसी क्रम में अब देहरादून से सीएम3 एमआर साइटों की पहली खेप भेजी जा रही है। ये दोनों उपलब्धियां के9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका को दर्शाती हैं।

इस अवसर पर आयुध निर्माणी देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक सी.एस. ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि पूरी टीम ने कड़ी मेहनत से इस उत्पाद को उत्पादन के लक्ष्य तक पहुंचाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

अपर महाप्रबंधक राघव गुप्ता ने सीएम3 एमआर साइट के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की और इसके उत्पादन को सफलतापूर्वक शुरू करने के लिए किए गए प्रयासों से अवगत कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय