राहुल गांधी आज से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर

 


देहरादून/अल्मोड़ा, 04 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुरुवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। करीब चार वर्ष बाद राज्य पहुंच रहे राहुल का दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी इसे वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत के रूप में देख रही है।

राहुल गांधी आज लगभग 11 बजे अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित कर राज्य में कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। अल्मोड़ा के बाद राहुल गांधी पौड़ी पहुंचेंगे, जहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेकर पूर्व सैनिकों और सैन्य परिवारों से संवाद करेंगे।

राहुल गांधी का अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे के बाद कोटद्वार पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां वह युवा खिलाड़ी मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर सकते हैं। राहुल दीपक के जिम का दौरा कर उसकी सदस्यता भी ले सकते हैं। यहां से राहुल गांधी रात्रि विश्राम के लिए मसूरी पहुंचेंगे। अगले दिन 5 जून को वह देहरादून स्थित नीरजा ग्रीन फार्म में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों तथा आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

उत्तराखंड को देश का प्रमुख सैनिक राज्य माना जाता है, ऐसे में यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में अग्निपथ योजना, वन रैंक वन पेंशन, ईसीएचएस सुविधाओं और पूर्व सैनिकों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रमों की सफलता के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं। गोदियाल ने कहा कि पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम राज्य की सैनिक परंपरा और पूर्व सैनिकों के सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर प्रदान करेगा।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राहुल गांधी का यह दौरा केवल जनसभाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने संगठन को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान को नई गति देने का प्रयास कर रही है। ऐसे में अल्मोड़ा की जनसभा और पौड़ी का पूर्व सैनिक सम्मेलन उत्तराखंड की राजनीति में विशेष महत्व रखते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय