उत्तराखंड : मौसम सुधार के बाद चारधाम यात्रा फिर सुचारू

 


देहरादून, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम की स्थिति में सुधार के बाद चारधाम यात्रा को सोमवार से पुनः सुचारू कर दिया गया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा संचालन को लेकर सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के आधार पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित की गई थी। इस दौरान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा संचालन को रोकने का निर्णय लिया था। अब मौसम में सुधार के बाद यात्रा को फिर से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग अलग-अलग जनपदों से होकर गुजरते हैं और प्रत्येक क्षेत्र में मौसम और सड़क की स्थिति अलग हो सकती है। ऐसे में संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपद की स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए यात्रा संचालन के संबंध में आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिस्थितियों के अनुसार स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं में बदलाव भी किया जा सकता है।

आयुक्त ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा होती है, यात्रा मार्ग अवरुद्ध होता है या मौसम फिर प्रतिकूल होता है तो संबंधित जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को किसी भी संभावित जोखिम से बचाना और सुरक्षित परिस्थितियों में यात्रा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के साथ ही यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक सतर्कता बरतने तथा परिस्थितियों के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति और यात्रा मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके साथ ही यात्री प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम खराब होने अथवा मार्ग की स्थिति अनुकूल नहीं होने पर प्रशासन के निर्णय में सहयोग करें।

वहीं, प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम में बदलाव की स्थिति को देखते हुए यात्रा मार्गों पर निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं जारी रखी जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय