चारधाम यात्रा में 53.23 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बदरीनाथ-गंगोत्री में नए रिकॉर्ड

 




देहरादून, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। यात्रा काल में अभी करीब डेढ़ माह शेष है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राज्य और जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

बदरीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 8.41 लाख पहुंची है। यमुनोत्री धाम में भी 7.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं, केदारनाथ धाम में अब तक 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष इसी अवधि तक चारधाम यात्रा में करीब 46 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 53.23 लाख से अधिक हो गई है। यात्रा अवधि में अभी करीब डेढ़ माह शेष है, ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

चारधाम के साथ ही हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। यहां इस वर्ष अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। यह संख्या पिछले कई वर्षों की तुलना में सर्वाधिक बताई गई है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय