दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा ने हरिद्वार के दक्षिण काली मंदिर में की पूजा अर्चना
निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने दिया चुनाव में जीतने का आशीर्वाद
हरिद्वार, 26 जून (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा ने शुक्रवार को धर्मपत्नी एवं परिजनों के साथ तीर्थनगरी हरिद्वार में श्री दक्षिण काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर के परमाध्यक्ष एवं निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज से आशीर्वाद लिया।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा के मंदिर पहुंचने पर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने उन्हें मां की चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। महाराज ने जैकब को वर्ष 2029 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले चुनाव में विजयी होने का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि धर्म सत्ता के मार्गदर्शन से ही राजसत्ता को मानव कल्याण और विकास की प्रेरणा मिलती है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा सनातन संस्कृति और संतों का सम्मान करने वाले व्यक्ति हैं। दक्षिण अफ्रीका के विकास और जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में उनका योगदान रहा है।
स्वामी ने कहा कि मां दक्षिण काली की कृपा और आशीर्वाद से आगामी चुनाव में उन्हें शानदार जीत मिलेगी और वह देश का नेतृत्व करते हुए जनकल्याण में मुख्य भूमिका निभाएंगे। स्वामी कैलाशानंद गिरी के शिष्य स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने भी जैकब जूमा का स्वागत किया। इस अवसर पर अजय गुप्ता, आचार्य पवनदत्त मिश्र, अनिल गोयल सहित कई लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला