सुशासन के आधार पर जीत की रणनीति के साथ चुनाव में उतरेंगे : राम माधव
- विपक्ष के झूठ की पोल जनता के सामने खुल रही : धामी
देहरादून, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य प्रभारी राम माधव ने कहा कि पार्टी सुशासन और सरकार की उपलब्धियों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की रणनीति के साथ उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले चार से छह माह राजनीतिक दृष्टि से सक्रिय रहकर संगठन को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
शनिवार को देहरादून के कुंवावाला स्थित एक होटल में भाजपा प्रदेश मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के आधार पर लगातार चुनाव जीतने का उदाहरण सामने आया है। उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में 60 से अधिक सीटें हासिल करना है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई काम किए हैं और संगठन भी पहले की तुलना में मजबूत हुआ है। अब चुनावी दृष्टि से कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए अगले चार से छह महीनों में लक्षित परिणाम हासिल करने की दिशा में काम करना होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार’ अभियान के दो चरणों में करीब 6.5 लाख लोगों ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अभियान का तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के मोर्चों और प्रकोष्ठों की भूमिका की सराहना करते हुए सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नकल माफिया और भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की है। उनके अनुसार 100 से अधिक नकल माफिया और भ्रष्टाचार के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि खनन राजस्व एक वर्ष में करीब 800 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक हुआ है। 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय दो लाख रुपये से अधिक हुई है और प्रदेश का बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि होटल कारोबार में 25 प्रतिशत और होम स्टे क्षेत्र में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश सहित धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों में सुविधाओं के विस्तार से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है।
धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष सरकार और राज्य से जुड़े मुद्दों पर गलत तथ्य प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी की आलोचना की और कहा कि डोभाल उत्तराखंड से जुड़े गौरव का विषय हैं। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।
मोर्चे,प्रकोष्ठ सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाएं: बांसुरी स्वराज
सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के मोर्चों और प्रकोष्ठों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से कमर कसकर तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोर्चे पार्टी की ऐसी अग्रिम इकाइयां हैं, जो राजनीतिक गतिविधियों में आगे रहकर नेतृत्व करती हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ अलग-अलग सामाजिक वर्गों पर केंद्रित होकर संगठन की रणनीति को जमीन तक पहुंचाने का काम करते हैं। चुनावी तैयारियों में इन इकाइयों की सक्रियता और प्रभावी जनसंपर्क महत्वपूर्ण होगा।
बांसुरी स्वराज ने मोर्चों और प्रकोष्ठों से अपनी प्रसार-प्रचार क्षमता और जनसंपर्क के माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को अधिक सक्रिय और व्यापक बनाने तथा चुनाव को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम करने का आह्वान किया।
झूठे नैरेटिव की राजनीति करने वालों से सीधी लड़ाई: अरविंद मेनन
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने शनिवार को कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह चुनावी मोड में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी की सीधी लड़ाई झूठे नैरेटिव के आधार पर राजनीति करने वालों से है और कांग्रेस इस राजनीति की प्रमुख पार्टी है।
मेनन ने कहा कि कांग्रेस बार-बार मिथ्या वचन बोलकर उसे सच साबित करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में जिस तरह विकास हुआ है, उसका सपना पूर्वजों और संत-महात्माओं ने देखा था।
उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अलग-अलग नामों से इतने घोटाले सामने आए कि ए से जेड तक सभी अक्षर समाप्त हो जाएं। हालांकि उन्होंने इन आरोपों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संपर्क, संवाद, समन्वय और सहयोग के मूलमंत्र के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा। उन्होंने कहा कि आगे मोर्चों और प्रकोष्ठों की ओर से आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रम चुनाव केंद्रित होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बनाने में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से संवाद बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को चुनावी लक्ष्य से जोड़कर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
तथ्यों के साथ सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं : महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को तथ्यों के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता केवल मंचों और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ और उनका प्रभाव आम लोगों तक पहुंचे।
भट्ट ने कहा कि महिला, युवा, अनुसूचित जाति-जनजाति, अल्पसंख्यक, ओबीसी और किसान मोर्चों को अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोर्चों की जिम्मेदारी केवल कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संबंधित वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना भी जरूरी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों से भी समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति तक संगठन के कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की चर्चा पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए सभी इकाइयों को अपने कार्यों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना होगा। उन्होंने प्रदेश संगठन की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे।
बूथ और शक्ति केंद्र तक मजबूत हो मोर्चों-प्रकोष्ठों की सक्रियता: फणींद्रनाथ शर्मा
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने मोर्चों और प्रकोष्ठों से बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक मजबूती से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए सभी इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता बढ़ाते हुए संगठन को जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत करनी है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा चुनावी तैयारियों में सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा के सातों मोर्चों—युवा, महिला, किसान, एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक—के प्रदेश अध्यक्षों ने अपने-अपने मोर्चों की गतिविधियों और अभियानों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। पार्टी के 22 प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने रखी। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल सहित मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय