अंकिता भंडारी प्रकरण : माता-पिता ने सीबीआई अधिकारियों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच का आश्वासन

 


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी प्रकरण में उनके माता-पिता ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को जानकारी दी। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले के सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण करते हुए विवेचना निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से की जाएगी।

सीबीआई की ओर से 16 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार स्वर्गीय अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की। इस मौके पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और मामले की विवेचना से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।

सीबीआई अधिकारियों ने परिजनों की ओर से उठाए गए बिंदुओं को सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि प्रकरण के सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण किया जाएगा। साथ ही विवेचना को निष्पक्ष और न्यायसंगत ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड में लंबे समय से चर्चा में रहा है। ऐसे में सीबीआई मुख्यालय में उनके माता-पिता की वरिष्ठ अधिकारियों से हुई मुलाकात को मामले की विवेचना के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, सीबीआई की ओर से जारी विज्ञप्ति में मुलाकात के दौरान उठाए गए बिंदुओं या विवेचना की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

सीबीआई ने अपने बयान में केवल इतना कहा है कि प्रकरण के सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण करते हुए निष्पक्ष और न्यायसंगत विवेचना का आश्वासन दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय