राजकोट के जेतपुर के पास ट्रेन की चपेट में आईं दो शेरनियां, मौके पर ही मौत
राजकोट, 23 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के राजकोट जिले की जेतपुर तहसील के पास सोमवार की शाम भावनगर-पोरबंदर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दो शेरनियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद पायलट ने ट्रेन को रोक दिया। सूचना मिलते ही रेलवे और वन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना जेतपुर तहसील के वावडी और खिरसरा स्टेशन के बीच गुजरने वाली रेलवे लाइन पर देर शाम को हुई। ढसा-जेतलसर ब्रॉडगेज ट्रैक पर वावडी स्टेशन के पास से जब पोरबंदर-भावनगर पैसेंजर ट्रेन (संख्या 59560) गुजर रही थी, तभी अचानक दो शेरनियां रेलवे ट्रैक पर आ गईं। ट्रेन की जोरदार टक्कर से दोनों शेरनियों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पायलट ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को वहीं रोक दिया।
राजकोट वन विभाग के उप वन संरक्षक युवराजसिंह झाला ने बताया कि मृत पाई गई दोनों शेरनियों की अनुमानित उम्र करीब तीन वर्ष थी। घटना की जानकारी मिलते ही राजकोट के अलावा जूनागढ़ और गोंडल से भी वन विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। वन विभाग आसपास के इलाके में समूह के अन्य शेरों की मौजूदगी को लेकर भी जांच कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे