किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए

 


जम्मू, 22 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक दूरदराज के इलाके में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तानी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े दो आतंकवादी मारे गए।

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि चटरू बेल्ट में पासरकुट के सामान्य क्षेत्र में 'ट्रैशी-आई' ऑपरेशन के दौरान दोनों आतंकवादी मारे गए और उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जिसमें दो एके -47 राइफलें शामिल थीं। सेना ने कहा कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स (सीआईएफ) डेल्टा के जवानों ने पुलिस और सीआरपीएफ के साथ करीबी समन्वय में आज सुबह लगभग 11 बजे चुनौतीपूर्ण इलाके में आतंकवादियों को घेर लिया। सेना ने कहा कि सामरिक सटीकता, सहज तालमेल और दृढ़ आक्रामकता का प्रदर्शन करते हुए सैनिक मुठभेड़ स्थल पर हावी हो गए, जिसमें दो आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराया गया।

प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए अधिकारियों ने कहा कि मारे गए दोनों आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक और प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों को एक पहाड़ी की तलहटी में एक मिट्टी के घर के अंदर छिपे हुए पाया गया और उन्होंने तलाशी दलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है l

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता