ट्रम्प की टिप्णियों पर भारत में रोषपूर्ण प्रतिक्रिया

 


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर घरेलू राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है तथा मोदी सरकार से आग्रह किया गया है कि वे अमेरिकी प्रशासन को देश की रोषपूर्ण जनभावनों से अवगत कराएं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने वहां आने वाले प्रवासियों तथा जन्म के आधार पर नागरिकता दिए जाने के बारे में अपने बयान में भारत और चीन आदि देशों को ‘नरक’ की संज्ञा दी थी। उन्होंने इन देशों के प्रशिक्षित आईटी प्रोफेशनल को'लैपटॉप से लैस गैंगस्टर' की संज्ञा दी थी।

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणियों को प्रायः नजरअंदाज करते हुए कहा, “हमने इन टिप्पणियों को देखा है। इससे अधिक हम कुछ नहीं कहना चाहते।”

पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की टिप्पणी को उचित ठहराया। साथ ही, उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार को किसी न किसी माध्यम से भारत की जनता की रोषपूर्ण भावनाओं से अवगत कराया जाना चाहिए।

राजनीतिक मोर्चों पर कांग्रेस ने राष्ट्रपति ट्रम्प की इस टिप्पणी पर मोदी सरकार से जवाब तलब किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘आपके मित्र’ राष्ट्रपति ट्रम्प भारत पर अपमानजनक बातें कह रहे हैं और आप चुप हैं। यहां तक की विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता भी इसपर टाल-मटोल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अमेरिका की सफलता में भारतीयों ने अहम भूमिका निभाई है। अमेरिकी सरकार के उच्च स्तर पर इस मुद्दे को उठाने में हमें क्या बाधा आ रही है?”

ट्रम्प की टिप्पणी से बिगड़े महौल को संभालने के लिए बाद में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता क्रिस्टोफर एल्म्स ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को महान देश मानते हैं और प्रधानमंत्री उनके अच्छे मित्र हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा