त्रिपुरा : मुख्यमंत्री की रैली से लौट रहे भाजपा समर्थकों पर ग्रेनेड हमला और फायरिंग
अगरतला, 08 अप्रैल (हि.स.)। त्रिपुरा के खोवाई जिले के तेलियामुरा में मंगलवार रात उस वक्त तनाव फैल गया, जब कुछ बदमाशों ने मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा की रैली में शामिल होने के बाद लौट रहे भाजपा समर्थकों के वाहनों फायरिंग करते हुए ग्रेनेड से हमला कर दिया। ज्ञात हो कि, भाजपा समर्थक त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (एडीसी) चुनावों से पहले मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा की जनसभा से लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, यह हमला बीती रात मेरेंग बाज़ार के पास पराकाल्क इलाके में हुआ। हमलावरों ने कथित तौर पर गाड़ियों पर तीन राउंड फायरिंग की और एक ग्रेनेड से धमाका करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उनका मकसद मतदाताओं के बीच डर फैलाना था। इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालात को काबू में करने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रशासन प्रभावित इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तेज़ी से काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना की कड़ी निंदा की और तिपरा मोथा के सदस्यों पर चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने के लिए इस हमले की साज़िश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी शर्मनाक हार को देखते हुए उन्होंने ऐसा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी समर्थकों को परेशान किया गया और डराया-धमकाया गया। साथ ही, रैली में शामिल लोगों के बीच डर पैदा करने के लिए जान-बूझकर हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
मुख्यमंत्री ने ऐसी हरकतों की आलोचना करते हुए कहा कि यह जानते हुए कि आने वाले एडीसी चुनावों में उनकी हार तय है, कुछ लोग 1970 के दशक की हिंसक राजनीतिक संस्कृति को फिर से जिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तिपरा मोथा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रगति में बाधा डालने के लिए आतंक फैलाने वाली तरकीबें अपनाने का आरोप लगाया, लेकिन समर्थकों को भरोसा दिलाया कि कोई भी धमकी या हिंसक कार्रवाई उन्हें स्थानीय चुनावों में जीत हासिल करने से नहीं रोक पाएगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय