त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, राज्य के विकास पर चर्चा
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान त्रिपुरा के समग्र विकास, सुशासन और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर राष्ट्र सेवा के 12 वर्ष पूरे करने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में आधारभूत ढांचे का विकास, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल के जरिए करोड़ों लोगों को लाभ मिला है तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री को 'माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर' और इसके पुनर्विकसित परिसर की तस्वीर भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसाद योजना के तहत विकसित यह मंदिर अब देशभर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है, जिससे इसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता और बढ़ी है।
माणिक साहा ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली ऐतिहासिक और शानदार जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। यह जीत प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकेंद्रित राजनीति में जनता के अटूट विश्वास को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में त्रिपुरा के आर्थिक विकास, सुशासन सुनिश्चित करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीतियों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार