सहारनपुर-मुजफ्फरनगर में ट्राई ने मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता जांची, जियो और एयरटेल आगे

 


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मुज़फ्फरनगर शहरों तथा आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। इस स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) में जियो और एयरटेल कॉल सेटअप सफलता दर में सबसे बेहतर पाए गए।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि जनवरी 2026 में किए गए इस टेस्ट में 338.4 किलोमीटर का ड्राइव टेस्ट और 3.8 किलोमीटर का वॉक टेस्ट शामिल था। इसमें 2जी, 3जी, 4जी और 5जी तकनीकों पर मोबाइल नेटवर्क की वास्तविक प्रदर्शन क्षमता को परखा गया। कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप, कॉल क्वालिटी, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड, लेटेंसी और वीडियो स्ट्रीमिंग जैसे प्रमुख मानकों पर निगरानी रखी गई।

नतीजों के अनुसार एयरटेल और जियो की कॉल सेटअप सफलता दर क्रमशः 99.71 फीसदी और 99.85 फीसदी रही, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया की दर क्रमशः 80.56 फीसदी और 89.06 फीसदी रही। कॉल ड्रॉप दर में एयरटेल का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, जबकि बीएसएनएल में गिरावट दर्ज की गई। डेटा सेवाओं में भी जियो और एयरटेल ने बेहतर नेटवर्क क्वालिटी दिखाई।

ट्राई ने कहा कि इन नतीजों को उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए वेबसाइट और अखबारों में प्रकाशित किया जाएगा ताकि सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाएं सुधारने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर