ट्राई ने की गोंडा, बहराइच और बलरामपुर में मोबाइल नेटवर्क की जांच

 


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने उत्तर प्रदेश के गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। सितंबर में किए गए स्वतंत्र परीक्षण में गोंडा, बहराइच और बलरामपुर शहरों में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोडिंग स्पीड सबसे अधिक दर्ज की गई। वहीं, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की डाउनलोडिंग स्पीड चारों कंपनियों के मुकाबले कम रही।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार ट्राई के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय की निगरानी में 7 से 10 सितंबर तक ये परीक्षण किए गए। इसके तहत चारों शहरों में कुल 367.7 किलोमीटर की दूरी पर वाहन से नेटवर्क की जांच की गई। गोंडा और बलरामपुर में 2.7 किलोमीटर का पैदल परीक्षण भी हुआ। इसके अलावा प्रयागराज से गोंडा और गोंडा से बहराइच के बीच 256 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता परखी गई।

ट्राई के परीक्षण में गोंडा में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोडिंग स्पीड 167.44 मेगाबिट प्रति सेकंड (एमबीपीएस) दर्ज की गई। एयरटेल की गति 94.98 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 34.31 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 1.15 एमबीपीएस रही। बहराइच में जियो की डाउनलोड गति 146.74 एमबीपीएस, एयरटेल की 105.94 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 41.12 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 7.30 एमबीपीएस दर्ज की गई।

बलरामपुर में जियो की औसत डाउनलोड गति 167.93 एमबीपीएस रही। एयरटेल की गति 130.93 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 31.66 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 4.09 एमबीपीएस दर्ज की गई। ये आंकड़े परीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों में दर्ज प्रदर्शन पर आधारित हैं।

कॉल ड्रॉप के मामले में भी कंपनियों के प्रदर्शन में अंतर मिला। गोंडा में एयरटेल की 171 सफलतापूर्वक स्थापित कॉल में से एक कॉल ड्रॉप हुई, जबकि बीएसएनएल की 162 कॉल में से 23 कॉल ड्रॉप हुईं। जियो और वोडाफोन आइडिया में दर्ज परीक्षण के दौरान कोई कॉल ड्रॉप नहीं हुई। बहराइच में एयरटेल की 205 कॉल में से एक, बीएसएनएल की 159 में से छह और वोडाफोन आइडिया की 205 में से एक कॉल ड्रॉप हुई। जियो में 206 कॉल में कोई कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई। बलरामपुर में एयरटेल और बीएसएनएल की 78 और 72 कॉल में से दो-दो कॉल ड्रॉप हुईं, जबकि जियो और वोडाफोन आइडिया में कोई कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई।

सिग्नल की उपलब्धता के परीक्षण में बीएसएनएल के नेटवर्क में कमजोर सिग्नल वाले नमूनों का अनुपात अन्य कंपनियों की तुलना में अधिक रहा। गोंडा में बीएसएनएल के 16,823 नमूनों में से 7,289, बहराइच में 19,472 में से 11,807 और बलरामपुर में 7,994 में से 3,271 नमूनों में सिग्नल निर्धारित न्यूनतम स्तर से कम पाया गया। ट्राई ने नेटवर्क कवरेज, कॉल ड्रॉप, कॉल के दौरान आवाज बाधित होने और इंटरनेट की डाउनलोड तथा अपलोड गति जैसे मानकों का आकलन किया।

परीक्षण में जिला अदालत और जिला अस्पतालों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा गोंडा के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जैसे प्रमुख स्थानों को भी शामिल किया गया। राजमार्ग परीक्षण प्रयागराज से गोंडा के बीच मऊ-आइमा, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और अयोध्या से होते हुए तथा गोंडा से बहराइच के बीच विभिन्न मार्गों पर किया गया। ट्राई ने कहा कि परीक्षण के नतीजे संबंधित मार्गों और स्थानों पर परीक्षण के दिन तथा समय दर्ज नेटवर्क प्रदर्शन को दर्शाते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर