ट्राई की जांच में जियो का नेटवर्क सबसे बेहतर, बीएसएनएल में समस्या सबसे अधिक
नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान और गुजरात के बीच जोधपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता की जांच कि है। मई में किए गए इस परीक्षण में रिलायंस जियो का नेटवर्क कवरेज और डेटा स्पीड के मामले में सबसे बेहतर पाया गया।
ट्राई ने बताया कि 4 मई को जोधपुर से अहमदाबाद के बीच 456.9 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट किया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की वास्तविक समय में नेटवर्क गुणवत्ता का आकलन करना था। परीक्षण के दौरान एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया (वीआई) के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर वॉयस तथा डेटा सेवाओं का परीक्षण किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, कवरेज के मामले में रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। जियो के 26,136 सैंपलों में केवल 685 स्थानों पर कमजोर सिग्नल मिला। एयरटेल में 26,319 सैंपलों में 1,843 स्थानों पर कमजोर सिग्नल दर्ज किया गया। वहीं वीआई के 25,817 सैंपलों में 5,150 और बीएसएनएल के 23,625 सैंपलों में 7,368 स्थानों पर कमजोर सिग्नल पाया गया। सीमित सेवा या नो कवरेज के मामले में भी बीएसएनएल सबसे पीछे रहा, जहां 1,271 स्थानों पर नेटवर्क उपलब्ध नहीं था।
कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल और रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। दोनों कंपनियों के नेटवर्क पर परीक्षण के दौरान एक भी कॉल ड्रॉप नहीं हुई। बीएसएनएल में 122 सफल कॉलों में से 15 कॉल ड्रॉप हुईं, जबकि वीआई में 126 सफल कॉलों में से 4 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।
डेटा डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो सबसे आगे रहा। जियो की औसत डाउनलोड गति 89.61 एमबीपीएस दर्ज की गई। एयरटेल की डाउनलोड स्पीड 48.53 एमबीपीएस रही। वीआई की औसत डाउनलोड गति 12.71 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 7.95 एमबीपीएस दर्ज की गई।
अपलोड स्पीड में एयरटेल ने 11.69 एमबीपीएस के साथ पहला स्थान हासिल किया। जियो की औसत अपलोड गति 9.06 एमबीपीएस और वीआई की 8.81 एमबीपीएस रही। बीएसएनएल की अपलोड स्पीड 3.76 एमबीपीएस दर्ज की गई।
ट्राई के अनुसार, परीक्षण जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी जंक्शन, समदड़ी, जालोर, भीनमाल, रानीवाड़ा, धानेरा, भीलड़ी, पाटन और महेसाणा जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों और रेलखंडों पर किया गया। परीक्षण के दौरान कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप दर, सिग्नल कवरेज, डाउनलोड और अपलोड स्पीड, लेटेंसी, जिटर तथा पैकेट ड्रॉप जैसे प्रमुख मानकों का मूल्यांकन किया गया।
ट्राई ने कहा कि रिपोर्ट के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार कंपनियों के साथ साझा कर दिए गए हैं ताकि आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर