भारत की भव्यता को दुनिया के सामने लाएगी डिजिटल तकनीक: गजेंद्र शेखावत
नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकियों में ऐसे शानदार अनुभव बनाने की क्षमता है जो दुनिया भर के दर्शकों के सामने भारत के सांस्कृतिक स्थलों की शान और भव्यता को पेश कर सकें।
मंत्री शेखावत ने यह बात दिल्ली में भारतीय पर्यटन के डिजिटल प्रचार-प्रसार को मजबूत करने के लिए 'गूगल इंडिया' के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के अवसर पर कही।
शेखावत ने डिजिटल तकनीकों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा, अत्याधुनिक डिजिटल टूल्स का उपयोग करके, हम यात्रियों के भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को खोजने, अनुभव करने और उससे जुड़ने के तरीके को पूरी तरह बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी 'इनक्रेडिबल इंडिया' (अतुल्य भारत) पहल के तहत पर्यटन संवर्धन के लिए तकनीक-आधारित दृष्टिकोण अपनाने की मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे भारत वैश्विक स्तर पर एक आधुनिक, सुलभ और प्रतिस्पर्धी पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होगा।
इस गैर-व्यावसायिक और गैर-बाध्यकारी समझौते के तहत दोनों पक्षों पर कोई वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा। सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में कई बिंदु शामिल हैं।
इनमें उभरती तकनीकों का उपयोग, यात्रियों के व्यवहार का विश्लेषण और क्षमता निर्माण और ट्रेनिंग शामिल है।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला समेत मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस समझौते के साथ ही पर्यटन मंत्रालय और गूगल इंडिया ने भारत के पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और देश को दुनिया का पसंदीदा यात्रा गंतव्य बनाने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी