पर्यटन में बदलाव के 12 वर्षः देश में पर्यटन स्थलों पर 24 घंटे हेल्पलाइन, टूरिस्ट पुलिस व्यवस्था
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। पर्यटन में बदलाव के 12 साल के तहत देश में एक ऐसा मजबूत पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जा रहा है, जहां घरेलू और विदेशी यात्री बिना किसी डर के घूम-फिर सकें।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार सुरक्षित और स्वागत-पूर्ण यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 24 घंटे बहुभाषी हेल्पलाइन और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष टूरिस्ट पुलिस की तैनाती जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं जमीनी स्तर पर लागू की हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, शिकायत या तुरंत जानकारी के लिए सरकार ने एक समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1363 जारी किया है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे काम करती है। विदेशी और स्थानीय पर्यटकों की सुविधा के लिए यह सेवा 12 अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध है, ताकि भाषा की वजह से किसी को मदद मिलने में कोई बाधा न आए।
इसके अलावा, पर्यटकों को जमीनी स्तर पर तत्काल और विशेष सुरक्षा प्रदान करने के लिए देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की गई है। वर्तमान में यह व्यवस्था गोवा, केरल, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर सहित देश के 15 प्रमुख राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरी तरह सक्रिय है।
इस विशेष पुलिस बल का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर होने वाली धोखाधड़ी को रोकना, पर्यटकों का मार्गदर्शन करना और उनके साथ होने वाले किसी भी दुर्व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई करना है।
मंत्रालय के मुताबिक इस नई और आधुनिक व्यवस्था के जरिए केंद्र सरकार का लक्ष्य हर यात्री को यह भरोसा दिलाना है कि आपकी यात्रा आपको जहां भी ले जाए, मदद हमेशा आपके आस-पास ही होगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी