तमिलनाडु विधानसभा का अगला सत्र पांच अगस्त से, पहले दिन पेश होगा 2026-27 का आम बजट

 


-छह अगस्त को कृषि बजट होगा प्रस्तुत

चेन्नई, 21 जुलाई (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा का अगला सत्र पांच अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया जाएगा, जबकि छह अगस्त को कृषि बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

चेन्नई सचिवालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने बताया कि पांच अगस्त को सुबह 10 बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी, जिसमें वित्त मंत्री मारिया विल्सन वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट प्रस्तुत करेंगे। इसके अगले दिन छह अगस्त को कृषि मंत्री विनोद कृषि बजट सदन के पटल पर रखेंगे।

उन्होंने बताया कि आम बजट और कृषि बजट पेश होने के बाद दोनों पर चर्चा होगी। चर्चा पूरी होने के बाद संबंधित मंत्री सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों और सुझावों का उत्तर देंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों (डिमांड फॉर ग्रांट्स) पर चरणबद्ध चर्चा कर विधानसभा की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें पारित कराया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बजट सत्र की अवधि का अंतिम निर्णय कार्य संचालन सलाहकार समिति (बिजनेस एडवाइजरी कमेटी) की बैठक में लिया जाएगा। समिति ही सदन की कार्यसूची और विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए समय निर्धारित करेगी।

उल्लेखनीय है कि 17वें तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आई तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) सरकार का पहला विधानसभा सत्र 18 जून को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर 19, 22 और 23 जून को चर्चा हुई थी। चर्चा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब दिया था। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी।

अब पांच अगस्त से शुरू होने वाला यह टीवीके सरकार का पहला पूर्ण बजट सत्र होगा, जिसमें सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपनी आय-व्यय संबंधी योजनाएं और विभिन्न विभागों के लिए बजटीय प्रावधान सदन के समक्ष प्रस्तुत करेगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV