तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी
चेन्नई, 23 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हो गया। यह प्रक्रिया शाम 6 बजे पूरी होगी। मतदान शुरू होने से 1 घंटे पहले मॉक (प्रायोगिक) मतदान किया गया।
सुबह 6:55 बजे चेन्नई के तिरुवनमियूर में स्थित भारतीदासन स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचे तमिलनाडु के वरिष्ठ फिल्म अभिनेता अजीत कुमार ने सुबह 7 बजे अपना वोट डाला। इसके साथ ही अभिनेता अजीत कुमार ने तमिलनाडु में मतदान करने वाले पहले व्यक्ति बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्होंने
सफेद कोट-सूट पहना हुआ था। मतदान करने के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी स्याही भी दिखाई। अभिनेता अजीत को देखने के लिए उनके प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रत्येक मतदान केंद्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी लगाए गए हैं। मतदान की निगरानी के लिए चुनाव आयोग ने तीन प्रकार के नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।
इन नियंत्रण कक्षों का संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी, जिला चुनाव अधिकारी और चुनाव प्रबंधन अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी का नियंत्रण कक्ष चेन्नई सचिवालय में नामक्कल कविग्नर भवन की 10वीं मंजिल पर स्थित है।
तमिलनाडु में अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम, द्रविड़ मुनेत्र कषगम, नाम तमिऴर कच्ची और तमिलग वेत्रि कषगम के बीच चार-कोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस चुनाव में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 3,579 पुरुष, 443 महिलाएं और 1 तीसरे लिंग के उम्मीदवार हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार 291 है। इनमें 2 करोड़ 80 लाख 30 हजार 658 पुरुष, 2 करोड़ 93 लाख 4 हजार 905 महिलाएं और 7,728 तीसरे लिंग के मतदाता हैं।
मतदाता सूची संशोधन कार्य पूरा होने के बाद लगभग 40 लाख नाम हटाए गए हैं। इसके बावजूद इस बार मतदान प्रतिशत 85% से अधिक रहने की संभावना है।
तमिलनाडु में 5.73 करोड़ लोग मतदान के लिए पात्र हैं। चुनाव पर्यवेक्षकों की संख्या 326, सामान्य पर्यवेक्षक 136, पुलिस पर्यवेक्षक 40 और व्यय पर्यवेक्षक 150 हैं। पूरे तमिलनाडु में 75,064 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 5,949 संवेदनशील केंद्र हैं। 325 मतदान केंद्रों का संचालन केवल महिलाएं करेंगी, जबकि 75 केंद्रों का संचालन युवा करेंगे।
चेन्नई की 16 विधानसभा सीटों में 975 स्थानों पर 4,085 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सबसे अधिक वेलाचेरी क्षेत्र में 315 केंद्र और सबसे कम हार्बर (तुरैमुगम) क्षेत्र में 192 केंद्र हैं। तिरु-वी-का नगर क्षेत्र के नम्माझ्वारपेट सरकारी स्कूल में ही 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 14.59 लाख है। मतदान केंद्रों पर पेयजल और चिकित सुविधा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिक मतदाता वाले आवासीय क्षेत्रों में वहीं मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए नगर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। विधानसभा चुनाव में 4.81 लाख डाक मतपत्र डाले गए हैं। 234 निर्वाचन क्षेत्रों में 1.06 लाख ईवीएम का उपयोग किया जा रहा है। 300 कंपनियों के सीआरपीएफ जवान और 5,875 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात हैं।
जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 135-बी के तहत चुनाव के लिए वेतन सहित अवकाश देना अनिवार्य है। अवकाश न देने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए राज्य स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV