तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में सड़क हादसा, दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत
नोट-तिथि में बदलाव के बाद यह खबर दोबारा जारी की गई है।
तिरुनेलवेली, 01 जून (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मिनी लॉरी से जा टकराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वल्लियूर के पास सिरुमलांची क्षेत्र के निवासी दुरैच्ची, किशोर और शिवकामी एक कार से नागरकोइल की ओर जा रहे थे। वाहन को सुरेश चला रहा था। जब कार कावलकिनारु क्षेत्र के वेल्लामडम बाईपास रोड के पास पहुंची, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक मिनी लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोगों दुरैच्ची, किशोर और शिवकामी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अरलवाईमोझी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए असारिपल्लम सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।-----------