अवैध रूप से रामेश्वरम पहुंचे तीन श्रीलंकाई नागरिक गिरफ्तार, लंदन जाने की थी योजना

 

रामनाथपुरम, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

श्रीलंका से अवैध रूप से नाव के जरिए रामेश्वरम में दाखिल हुए तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनकी मदद करने के आरोप में रामेश्वरम के एक व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रामनाथपुरम पुलिस ने यह जानकारी शनिवार को दी।

पता चला है कि तीनों फर्जी पासपोर्ट के जरिए दिल्ली से लंदन जाने की योजना बना रहे थे, तभी वे पकड़े गए।

श्रीलंका के त्रिंकोमाली निवासी मोहम्मद खान उर्फ गोकुलनाथन, श्रीलंका के मट्टकलप्पु निवासी मोहम्मद आसिक और कैंडी निवासी दर्शन उर्फ प्रदीप, तीनों श्रीलंका से अवैध रूप से नाव के जरिए रामनाथपुरम जिले के पंबन स्थित तेनकुवाड़ी समुद्र तट के रास्ते तमिलनाडु में दाखिल हुए। इन तीनों को क्यू ब्रांच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए श्रीलंका के तीनों नागरिकों से क्यू ब्रांच पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि तमिलनाडु में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए उन्होंने नाव किराए पर लेने के वास्ते 1 लाख 10 हजार रुपये दिए थे। इसके अलावा, उनकी मदद करने के आरोप में पुलिस ने रामेश्वरम निवासी मुथुराजा उर्फ करुप्पु को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस की जांच में पता चला कि श्रीलंका के ये तीनों नागरिक रामेश्वरम से दिल्ली जाकर वहां से फर्जी पासपोर्ट के जरिए लंदन जाने की योजना बना रहे थे। इस मामले में क्यू ब्रांच पुलिस तीनों से लगातार पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV