श्रीलंका नौसेना ने रामेश्वरम के सात मछुआरों को किया गिरफ्तार
रामेश्वरम, 26 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु के रामेश्वरम बंदरगाह से अनुमति लेकर समुद्र में मछली पकड़ने गए सात मछुआराें काे श्रीलंका नौसेना के जवानाें ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो मोटरबोट भी जब्त कर ली गई हैं। इससे आसपास के इलाके के मछुआराें में आक्राेश व्याप्त है।
बताया गया कि आज कई मछुआरे बंदरगाह से अनुमति पत्र लेकर समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। तभी नेदुंतिवु (डेल्फ्ट द्वीप) के पास गश्त कर रहे श्रीलंका नौसेना ने सीमा पार कर मछली पकड़ने के आरोप लगाकर सात मछुआरों गिरफ्तार कर लिया। श्रीलंका की नौ सेना ने उनके दो मोटरबोट भी जब्त कर लिये। श्रीलंका सेना के जवान गिरफ्तार सभी सातों मछुआरों को कांगेसन नौसैनिक शिविर ले गये, जहां उनसे सीमा पार मछली पकड़ने के मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। शिविर में पूछताछ के बाद मछुआरों को मन्नार जिले के मत्स्य विभाग अधिकारियों को सौंप दिया है। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजे जाने की भी संभावना है।
मछुआरों की आजीविका हो रही प्रभावित
तमिलनाडु के मछुआरों को सीमा पार मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंका नौसेना के पकड़े जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नेदुंतिवु के पास हुई इस गिरफ्तारी से तमिलनाडु और पुडुचेरी के मछुआरों में भारी आक्रोश है। समुद्र में सीमा रेखा को लेकर भ्रम के कारण बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से मछुआरों की आजीविका प्रभावित हो रही है और स्थायी समाधान की मांग उठ रही है। जब्त की गई नावें वापस न मिलने की स्थिति में, कर्ज लेकर मछली पकड़ने का काम करने वाले मछुआरे आर्थिक रूप से टूट जाते हैं। इस ताजा घटना के बाद रामेश्वरम के मछुआरा गांवों में गहरा दुख और चिंता छाई हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV