पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक मतदान
पुदुचेरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में गुरुवार को विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे समाप्त हुआ, जिसमें मतदाताओं ने भारी उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कर प्रदेश ने नया रिकॉर्ड कायम किया है।
प्रदेश के मुख्य सचिव ने बताया कि शाम 5 बजे तक 86.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो अंतिम समय तक बढ़कर 90 प्रतिशत के पार पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में 83.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार करीब 8,25,820 मतदाताओं ने वोट डाला, जबकि लगभग 1,24,819 मतदाता मतदान से वंचित रहे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा कई अभिनव पहल की गई थीं। मतदान केंद्रों पर रोबोट के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मतदान करने पहुंचे मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।
राज्य में कुल 1,099 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के जरिए मतदान कराया गया। मतदान समाप्ति के बाद सभी मशीनों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सील कर सशस्त्र सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की निगरानी में स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया।
ईवीएम को 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग और केंद्रीय बलों व राज्य पुलिस की तीन-स्तरीय सुरक्षा में सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पुदुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में कारैकाल, माहे और यनम सहित कुल 30 विधानसभा सीटें हैं। इस चुनाव के नतीजे प्रदेश की अगली सरकार के गठन का रास्ता तय करेंगे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV