तमिलनाडु में नीट के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन

 


-चेन्नई समेत सभी जिला मुख्यालयों में हुआ विरोध, कई राजनीतिक दलों ने दिया समर्थन

चेन्नई, 16 मई (हि.स.)। मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) को समाप्त करने की मांग को लेकर शनिवार को तमिलनाडु में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। द्रविड़ कज़गम के आह्वान पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आंदोलन आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए।

राजधानी चेन्नई के एग्मोर स्थित राजारथिनम मैदान के पास आयोजित मुख्य प्रदर्शन का नेतृत्व द्रविड़ कज़गम के अध्यक्ष के. वीरमणि ने किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा को स्थायी रूप से समाप्त करने की मांग उठाई।

द्रविड़ कज़गम के नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए असमान अवसर पैदा करती है। संगठन का कहना है कि हर वर्ष परीक्षा में सामने आने वाली कथित गड़बड़ियां और पुनर्परीक्षा के फैसले छात्रों के मानसिक दबाव और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य बोर्ड के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में प्रतिस्पर्धा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे सामाजिक और शैक्षणिक असमानता बढ़ रही है।

चेन्नई में आयोजित इस बड़े विरोध प्रदर्शन में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और उसके सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। द्रमुक की ओर से पार्टी प्रवक्ता टी. के. एस. एलंगोवन ने भाग लिया।

इसके अलावा विदुथलाई चिरुथिगल काची के राज्य कोषाध्यक्ष एस. एस. बालाजी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हुए।

सभी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए नीट परीक्षा को स्थायी रूप से समाप्त करने की मांग दोहराई।

उल्लेखनीय है कि 3 मई को देशभर में आयोजित नीट परीक्षा के दौरान कई अनियमितताओं और गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। आरोपों के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया और 21 जून को दोबारा ‘री-नीट परीक्षा’ कराने की घोषणा की गई। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ गया है।

केंद्र सरकार ने अगले वर्ष से नीट परीक्षा को ओएमआर शीट के बजाय कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के रूप में आयोजित करने की योजना भी घोषित की है। वर्तमान में जेईई मेन समेत कई प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाती हैं और उसी तर्ज पर नीट को भी ऑनलाइन मोड में लाने की तैयारी की जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV