(तमिलनाडु चुनाव 26) दो दिन में जारी होगी भाजपा उम्मीदवारों की सूची: पीयूष गोयल

 


चेन्नई, 31 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में आल इंडिया अन्ना द्रविण मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के साथ गठबंधन के तहत सीटों पर वार्ता के लिए केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल मंगलवार क़ो चेन्नई पहुंचे हैंl उन्होंने अगले दो दिन में उम्मीदवारों की सूची जारी होने क़ी बात कही है।

केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु भाजपा चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति बिगड़ी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के दिया गया अच्छा प्रशासन ही राज्य के लोगों को फिर से चाहिए। एडप्पडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन इस चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगा और बेहतर शासन वापस लाएगा।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव एनडीए ही लाएगा।उम्मीदवारों की सूची पर उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक समय है। हमारी पार्टी में उम्मीदवार चयन में कोई देरी नहीं है। मैं आज इसी विषय पर चर्चा के लिए तमिलनाडु आया हूं। यहां के नेताओं के साथ विचार-विमर्श चल रहा है। अगले दो दिनों में उम्मीदवारों की सूची तैयार कर जारी कर दी जाएगी।

उन्होंने डीएमके–कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके बीच सीट बंटवारे को लेकर समस्याएं हैं, जबकि एनडीए गठबंधन एक परिवार की तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और एडप्पडी के नेतृत्व में हम तमिलनाडु में ‘डबल इंजन सरकार’ बनाकर राज्य के लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लाएंगे।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके के साथ गठबंधन कर भाजपा 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची फाइनल करने की कवायद चल रही हैl

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV