तमिलनाडु में मदुरांतकम, धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
चेन्नई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु में मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। पिछले चुनाव में यह दोनों सीटें जीतने वाले अन्नाद्रमुक उम्मीदवारों ने कुछ दिनों के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मदुरांतकम में 285 मतदान केंद्रों और धारापुरम में 320 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 13 हजार 788 मतदाता और धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 23 हजार 306 मतदाता हैं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल और तमिलनाडु पुलिस के जवान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं।
करूर, पेरुंदुरई, विरालीमलाई, अंबासमुद्रम से जीतने वाले अन्नाद्रमुक उम्मीदवारों ने भी इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, इन उम्मीदवारों की जीत को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में मामला दायर किया गया था। इसी तरह तिरुचि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में टीवीके अध्यक्ष विजय की जीत को चुनौती देते हुए भी याचिका दायर की गई थी। इसके कारण इन 5 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने पर उच्च न्यायालय ने अंतरिम रोक लगा दी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV