मुख्यमंत्री विजय और एम.के. स्टालिन ने राहुल गांधी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

 

चेन्नई, 19 जून (हि.स.)। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर तमिलनाडु में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने राहुल गांधी के स्वस्थ, सफल और दीर्घ सार्वजनिक जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री विजय ने जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा कि राहुल गांधी देश की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए निरंतर आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और अपने सभी प्रयासों में सफलता प्राप्त करें तथा सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट सेवाएं देते रहें, यही उनकी शुभकामना है। उन्होंने राहुल गांधी को अपना प्रिय भाई बताते हुए जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।

इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।

राजनीतिक गलियारों में राहुल गांधी के जन्मदिन को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) गठबंधन से अलग होकर तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के साथ राजनीतिक गठबंधन किया था। इसके बाद गठित टीवीके सरकार के मंत्रिमंडल में कांग्रेस के दो नेताओं को भी स्थान दिया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य की राजनीति में कांग्रेस और टीवीके के बीच बढ़ती निकटता भविष्य की चुनावी रणनीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV