नॉर्वे शतरंज चैंपियन प्रज्ञानानंद का सम्मान, मुख्यमंत्री ने खेली शतरंज की बाजी

 


चेन्नई, 08 जून (हि.स.)। भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे शतरंज-2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने के बाद सोमवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करते हुए 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। दोनों के बीच एक मैत्रीपूर्ण शतरंज मुकाबला भी खेला गया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है।

चेन्नई सचिवालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रज्ञानानंद ने अपनी विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को दिखाई। मुख्यमंत्री विजय ने उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता ने भारत और तमिलनाडु का गौरव बढ़ाया है। राज्य सरकार की ओर से उन्हें 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

मुलाकात का सबसे रोचक क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री विजय ने स्वयं शतरंज बोर्ड मंगवाकर प्रज्ञानानंद के साथ एक मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेला। आमतौर पर किसी विश्वस्तरीय ग्रैंडमास्टर के सामने सामान्य खिलाड़ी कुछ ही मिनटों में हार मान लेते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने लगभग 15 मिनट तक मुकाबला किया। अंततः प्रज्ञानानंद ने उन्हें चेकमेट देकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले का वीडियो सामने आने के बाद लोग मुख्यमंत्री की शतरंज समझ और खेल कौशल की भी सराहना कर रहे हैं।

तमिलनाडु सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रज्ञानानंद को राज्य की एलाइट योजना के तहत प्रतिवर्ष 30 लाख रुपये की विशेष सहायता भी प्रदान की जाती है। राज्य सरकार शतरंज के विकास और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है।

इसी कड़ी में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में होम ऑफ चेस नामक विशेष शतरंज अकादमी स्थापित की गई है। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, विशेषज्ञ कोचिंग और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराया जाता है। अकादमी का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मास्टर और ग्रैंडमास्टर स्तर तक पहुंचाना है।

मीडिया से बातचीत में प्रज्ञानानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत से भारत और तमिलनाडु का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ शतरंज खेलना उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा।

प्रज्ञानानंद ने कहा, मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री इतनी अच्छी शतरंज खेलते हैं। हमने लगभग 15 मिनट तक खेला और यह एक शानदार मुकाबला रहा। अंत में मैं जीत गया। यह पल मेरे लिए बेहद खास है।

उन्होंने कहा कि आने वाले टूर्नामेंटों में भी वह बेहतर प्रदर्शन कर देश और तमिल समुदाय का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे। साथ ही खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देने के लिए तमिलनाडु सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में आर. प्रज्ञानानंद ने नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 20 वर्षीय ग्रैंडमास्टर ने अंतिम दौर में जर्मनी के विंसेंट कीमर को पराजित कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। उनकी इस जीत ने न केवल भारतीय शतरंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, बल्कि देश के शतरंज इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV