तमिलनाडु की रिक्त पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा दिवाली बाद संभव

 


चेन्नई, 04 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा की रिक्त पांच सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा दिवाली बाद हो सकती है। यह सीटें अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) विधायकों के इस्तीफे के कारण खाली हुई हैं। राज्य में अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत हासिल की और कांग्रेस, वीसीके, मुस्लिम लीग, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाई है।

सरकार के पास पर्याप्त विधायकों की संख्या नहीं होने के कारण अन्नाद्रमुक के टिकट पर जीतने वाले 25 विधायकों ने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना करते हुए टीवीके सरकार को समर्थन दिया। इससे अन्नाद्रमुक के भीतर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। पार्टी के कुछ विधायक इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल हो गए। इसके चलते सात विधानसभा सीटें खाली हो गईं। इनमें से मदुरांतकम और धारापुरम की 2 सीटों पर हाल ही में उपचुनाव हो चुके हैं। अन्नाद्रमुक के टिकट पर जीतने वाली मरगदम कुमारवेल और सत्यबामा ने अपनी पुरानी सीटों मदुरांतकम और धारापुरम से टीवीके के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

इस समय रिक्त पुदुकोट्टई जिले की विरालीमलाई, करूर, तिरुनेलवेली जिले की अंबासमुद्रम, इरोड जिले की पेरुंदुरई और मुख्यमंत्री विजय के इस्तीफा देने से खाली तिरुचि पूर्व विधानसभा सीट सहित 5 सीटों से संबंधित मामले में मद्रास उच्च न्यायालय ने अपना फैसला सुरक्षित रखा है। इस मामले में जल्द ही फैसला आने की उम्मीद के बीच चुनाव आयोग इन पांच सीटों पर उपचुनाव कराने की तैयारी कर रहा है।

अभी मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। यह प्रक्रिया दिसंबर में पूरी होगी और जनवरी के पहले सप्ताह में अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। बताया जा रहा है कि उपचुनाव की घोषणा होने पर इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं। फिलहाल चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों की नई सूची जारी की है। इसमें 56 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। चुनाव आयोग संबंधित जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर रहा है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के इस्तीफे से खाली तिरुचि पूर्व विधानसभा सीट को छोड़कर बाकी चार सीटों पर अन्नाद्रमुक से टीवीके में शामिल हुए सी. विजयभास्कर (विरालीमलाई), एम.आर. विजयभास्कर (करूर), इसाक्की सुब्बैया (अंबासमुद्रम) और जयकुमार (पेरुंदुरई) को दोबारा उम्मीदवार बनाया जा सकता है। आयोग की कोशिश है कि आगामी 20 दिसंबर तक पांचों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV