टिफनी ट्रम्प पति माइकल बोलोस के साथ जैसलमेर पहुंचीं, पर्यटन स्थलों का करेंगी भ्रमण

 


- सूर्यगढ़ जैसलमेर होटल पहुंचने पर राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया

जैसलमेर, 31 मई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पुत्री टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बोलोस के साथ रविवार सुबह विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचीं। उनका विमान जैसलमेर नागरिक हवाई अड्डे पर उतरा। उनके दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर होटल और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

टिफनी ट्रम्प और माइकल बोलोस जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। उनके प्रवास के दौरान जैसलमेर किला, पटवों की हवेली, गड़ीसर झील तथा सम सैंड ड्यून्स सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की संभावना है। दंपती शहर के प्रसिद्ध सूर्यगढ़ जैसलमेर में ठहरे हुए हैं। वे होटल के सबसे महंगे आवास में रुके हैं। इस आवास में तीन कमरे और निजी तरणताल की सुविधा उपलब्ध है।

जैसलमेर हवाई अड्डे पर उनके स्वागत और सुरक्षा के लिए पुलिस, विशेष सुरक्षा बल तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात रहे। हवाई अड्डे के बाहर बुलेटरोधी वाहनों का काफिला और उच्च सुरक्षा वाहन मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भारतीय सेना तथा वायुसेना की वायु रक्षा प्रणाली ‘आकाश’ की भी तैनाती की गई। टिफनी ट्रम्प के दौरे को देखते हुए अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के साथ भारतीय सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं। सोनार किला और अन्य पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हवाई अड्डे से होटल तक उनके काफिले को कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया।

सूर्यगढ़ जैसलमेर होटल पहुंचने पर टिफनी ट्रम्प और माइकल बोलोस का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। लोक कलाकारों ने घूमर सहित विभिन्न लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वागत के लिए ऊंटों को रंग-बिरंगे वस्त्रों, पारंपरिक आभूषणों और सजावटी सामग्री से सजाया गया था, जो आकर्षण का केंद्र रहे।

जैसलमेर पहुंचने से पहले टिफनी ट्रम्प और उनके पति ने शनिवार को ताजमहल का भ्रमण किया था। वहां उन्होंने करीब एक घंटा बिताया। जैसलमेर पहुंचने से लगभग दो घंटे पहले टिफनी ट्रम्प ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ताजमहल की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, अद्भुत ताजमहल। टिफनी ट्रम्प और माइकल बोलोस सोमवार शाम करीब चार बजे जैसलमेर से रवाना होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित