विश्व प्रसिद्ध डल झील में हजारों मछलियां पाई गई मृत

 


श्रीनगर, 26 मई (हि.स.)। श्रीनगर की विश्व प्रसिद्ध डल झील में हजारों मछलियां मृत पाई गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह सामूहिक मौत थर्मल स्तरीकरण के कारण हुई है।

डल झील के आसपास रहने वाले लोग जलाशय की सतह पर तैरती हजारों मृत मछलियों को देख कर दंग रह गए। स्थानीय लोगों ने कहा कि हमने जल-निकाय में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियाँ देखी हैं। उन्होंने कहा कि झील में एक झरने के पास दुर्गंध आ रही है।

मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह थर्मल स्तरीकरण के चलते झील में अलग-अलग गहराई पर तापमान में बदलाव के कारण ऐसा हुआ है।

एसकेयूएएसटी-के में मत्स्य संकाय के डीन फिरोज अहमद भट ने कहा कि झील में ऑक्सीजन की कम मात्रा के कारण मछलियाँ मर सकती हैं। प्रदूषण और खरपतवारों की वृद्धि से झील में ऑक्सीजन की सांद्रता कम हो जाती है। उन्होंने कहा कि अतीत में निगीन झील में भी ऐसा ही हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/संजीव