दिल्ली में 5 अगस्त को 'जीआई एंड बियॉन्ड 2.0' शिखर सम्मेलन शुरू
नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में 5 अगस्त को 'जीआई एंड बियॉन्ड 2.0 शिखर सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्घाटन विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा करेंगे।
वस्त्र मंत्रालय के अनुसार हथकरघा निर्यात संवर्धन परिषद (एचईपीसी) के हीरक जुबली लोगो का औपचारिक अनावरण और डिजिटल हैंडलूम एटलस “एक मंच, अनंत बाजार” का शुभारंभ किया जाएगा। विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय द्वारा हथकरघा निर्यात संवर्धन परिषद (एचईपीसी) के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश के जीआई-टैग प्राप्त हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देना तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उनकी पहुंच को मजबूत करना है।
इस दिन देश भर से 100 से अधिक जीआई-पंजीकृत हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। कारीगरों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए एक मंच, अनंत बाजार टैगलाइन के साथ एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया जाएगा। हथकरघा निर्यात संवर्धन परिषद (एचईपीसी) के हीरक जुबली लोगो का औपचारिक अनावरण होगा। पंजीकृत मालिकों और नए अधिकृत उपयोगकर्ताओं को जीआई प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। जीआई पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञों द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके अलावा, 10 से अधिक देशों के विदेशी खरीदार, देश भर के निर्यातक, प्रमुख कपड़ा ब्रांड्स, बहुराष्ट्रीय कंपनियां, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और नीति निर्माता एक साथ आएंगे। जीआई पंजीकरण और बौद्धिक संपदा अधिकार, घरेलू बाजार में जीआई उत्पादों का प्रचार-प्रसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जीआई हथकरघा उत्पादों के लाभ उठाने की रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि वस्त्र सचिव नीलम शमी राव, विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) अमृत राज और पेटेंट, डिजाइन एवं ट्रेडमार्क नियंत्रक (सीजीपीडीटीएम) प्रो. (डॉ.) उन्नत पी. पंडित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी