दिल्ली हाट में 12 जुलाई से शुरू होगा 'वीव द फ्यूचर 4.0'

 

नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली हाट में 12 से 17 जुलाई 2026 तक 'वीव द फ्यूचर 4.0– अपसाइक्लिंग एडिशन' का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। यह अनूठी पहल केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त (हथकरघा) कार्यालय कर रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य वस्त्र और हथकरघा क्षेत्र में 'चक्रीय अर्थव्यवस्था' और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देना है।

इस आयोजन में कारीगर, बुनकर, डिजाइनर, उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थान और सिविल सोसाइटी संगठन एक साथ आकर जिम्मेदार उत्पादन और उपभोग पर चर्चा करेंगे।

इस चौथे संस्करण में 100 से अधिक ब्रांड, स्वयं सहायता समूह, मरम्मत विशेषज्ञ और सामग्री नवप्रवर्तक शामिल हो रहे हैं। ये सभी अपसाइक्लिंग, रिसाइक्लिंग और री-यूज़ (पुनः उपयोग) के आधुनिक तरीकों का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव और भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के मिनिस्टर काउंसलर थॉमस मैकलेनाघन भी मौजूद रहेंगे।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत में हर साल लगभग 70.73 लाख टन कपड़ा कचरा (वस्त्र अपशिष्ट) पैदा होता है। इसमें 29.73 लाख टन पूर्व-उपभोक्ता अपशिष्ट (उत्पादन के दौरान निकलने वाला कचरा) है। 41 लाख टन पश्चात-उपभोक्ता अपशिष्ट (इस्तेमाल के बाद फेंके जाने वाले कपड़े) शामिल है।

इस कार्यक्रम से यह पता चलेगा कि कैसे पारंपरिक शिल्प कौशल और आधुनिक नवाचार के जरिए इस कचरे को आर्थिक और पर्यावरणीय मूल्य में बदला जा सकता है, जिससे आने वाले समय में हरित रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान मंत्रालय एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ‘व्हाट इज इट मेड ऑफ़?’ वस्त्र अपशिष्ट नवाचार चुनौती का शुभारंभ करेगा। बढ़ते कपड़ा कचरे से निपटने के लिए व्यावहारिक और नए समाधान खोजना।

देश भर के छात्र, कारीगर, बुनकर, डिजाइनर, शोधकर्ता और आम नागरिक (आयु वर्ग 16-45 वर्ष) इसमें हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 20 जुलाई 2026 तक इस चुनौती के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी