जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों के दो सहयोगी गिरफ्तार
पुलवामा, 25 अगस्त (हि.स.)। सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। राजपोरा के सीबी नाथ इलाके के यारवान जंगल में चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार इन लोगों के पास से एक पिस्तौल, 12 राउंड गोलियां और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध आतंकी सहयोगियों की गतिविधियों के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलवामा पुलिस ने सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 183 बटालियन के साथ मिलकर यह ऑपरेशन चलाया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने दो लोगों को जंगल वाले इलाके से सीबी नाथ गांव की ओर संदिग्ध हालत में आते देखा। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उन्हें रोका और पकड़ लिया। बाद में उनकी पहचान लस्सी डबन के रहने वाले लतीफ अहमद दीदार पुत्र गुलाम मोहम्मद दीदार और बुन खा बमूनू के रहने वाले एजाज अहमद बाजाद पुत्र नजीर अहमद बाजाद के तौर पर हुई।
उन्होंने बताया कि राजपोरा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह