शोपियां में जेल से जुड़े टेरर फाइनेंसिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
शोपियां, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद के लिए काम कर रहे फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो अलग-अलग जेलों में बंद आतंकवादियों से जुड़ा हुआ है। इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शोपियां पुलिस ने आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्कों की गहन जांच के बाद इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान विभिन्न पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया गया, जिससे पैसों के लेन-देन के कई स्तरों का पता चला। जांच में ऐसे लोगों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो टेरर फाइनेंसिंग में शामिल थे और जिनका संबंध अलग-अलग जेलों में बंद आतंकवादियों और उनके साथियों से था। इस मामले में अब तक 10 आतंकवादियों के सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके तहत शोपियां पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 231/2026 दर्ज की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि ओवैस शफी नाइकू पुत्र मोहम्मद शफी नाइकू निवासी सैदपोरा बाला, शोपियां), तजामुल अहमद शाह पुत्र अब्दुल रशीद शाह निवासी रावलपोरा, शोपियां), मोइज़ इक़बाल पुत्र मोहम्मद इक़बाल हजाम निवासी चित्रगाम कलां, इमदाद यूसुफ गनी पुत्र मोहम्मद यूसुफ गनी, निवासी चित्रगाम कलां), साकिब ज़हूर वानी पुत्र ज़हूर अहमद वानी निवासी मुर्रान, पुलवामा, आमिर अहमद गनी पुत्र गुलाम नबी गनी निवासी अरमोलाह, पुलवामा, फिरदौस ठोकर पुत्र गुलाम कादिर ठोकर निवासी नादिगुंड, ट्रेन्ज़, लियाकत नज़ीर लोन पुत्र नज़ीर अहमद लोन निवासी मुर्रान, पुलवामा और मोहम्मद हनीफ पुत्र काजू शेरू निवासी चेक हरिया, कठुआ और काजू पुत्र हाजी शीरू निवासी चेक हरिया, कठुआ को गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला है कि यह सभी लोग गुप्त रूप से आम जनता से फंड इकट्ठा करके इस पैसे को अपने वित्तीय नेटवर्क के जरिए लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट की आतंकी गतिविधियों के लिए भेज रहे थे। आरोप है कि इस फंड का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट (जैसे स्मार्टफोन उपलब्ध कराना) देने में भी किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने, अन्य वित्तीय संबंधों को उजागर करने और इस मॉड्यूल में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है। अभी और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह