तेलंगाना के सूर्यापेट सड़क हादसे पर उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के सूर्यापेट में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सूर्यापेट की दुखद सड़क दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर कहा कि सूर्यापेट में हुए हादसे की खबर से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं और वह सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना के सूर्यापेट जिले के कोडाड के पास हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के हैदराबाद से एलुरु जा रही एक निजी बस सड़क किनारे खड़े लोहे की छड़ों से लदे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार