पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्णायक कदम उठाकर देशवासियों को दिया विश्वास : तरुण चुघ
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्णायक कदम उठाकर देशवासियों में नया विश्वास पैदा किया है।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व में भारत स्थिर, मजबूत और अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
चुघ ने बताया कि आम जनता को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है, जिससे करोड़ों लोगों को सीधे फायदा मिला है और उन्हें वैश्विक कीमतों के झटकों से बचाया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों को सुरक्षित रखने और घरेलू उपलब्धता को प्राथमिकता देने के लिए सरकार ने निर्यात शुल्क भी लगाया है-डीजल पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) पर 29.5 रुपये प्रति लीटर- जो “इंडिया फर्स्ट” की नीति को दर्शाता है।
चुघ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कुछ राजनीतिक दल केवल बयानबाजी करते हैं, वहीं प्रधानमंत्री मोदी समय पर और ठोस फैसलों के जरिए परिणाम देते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने संसद को पूरी जानकारी दी है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही और जिम्मेदार शासन को दर्शाता है। चुघ के अनुसार यही “न्यू इंडिया” की पहचान है-मजबूत नेतृत्व, निर्णायक कार्रवाई और जनता के कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी